शहडोल से पुराना नाता, अब कलेक्टर के रूप में संभालेंगे जिम्मेदारी
शहडोल। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी संशोधित प्रशासनिक आदेश के तहत वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी पार्थ जायसवाल को शहडोल जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले जारी सूची में मिशा सिंह की पदस्थापना शहडोल में की गई थी, लेकिन बाद में संशोधित आदेश जारी कर पार्थ जायसवाल को जिले की कमान सौंपी गई।
पार्थ जायसवाल का शहडोल से पुराना प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वे पूर्व में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत शहडोल के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिला पंचायत में कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, पंचायत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
अब कलेक्टर के रूप में उनकी वापसी को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अनुभव और शहडोल की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों की अच्छी समझ का लाभ जिले के विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलने की उम्मीद है।

0 Comments