Header Ads Widget

बीटेक छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिली लाश—परिजनों ने उठाए सवाल, जांच जारी

 बीटेक छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिली लाश—परिजनों ने उठाए सवाल, जांच जारी


सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बीटेक फाइनल ईयर की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में अपने किराए के कमरे में मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अयोध्या जिले के रोनही थाना क्षेत्र स्थित कैटरोली गांव निवासी अमर बहादुर की 25 वर्षीय बेटी वैष्णवी यादव पिछले चार वर्षों से बिजनौर क्षेत्र के सीमा सिटी में किराए के कमरे में रहकर बीटेक फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही थी। वह परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और पढ़-लिखकर कुछ बनने का सपना देख रही थी।

पुलिस के मुताबिक, वैष्णवी के पड़ोस में रहने वाला उदित, जो एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, ने रविवार शाम उसे कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद वह उसके कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर झांकने पर छात्रा अचेत अवस्था में मिली। उसने तुरंत उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतका की शादी तय हुई थी, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी वजह से तनाव की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

वहीं मृतका के पिता अमर बहादुर ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बिजनौर थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments