Header Ads Widget

अनुशासनहीनता पर एसपी संजय कुमार अग्रवाल की सख्त कार्रवाई, दो पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित

 अनुशासनहीनता पर एसपी संजय कुमार अग्रवाल की सख्त कार्रवाई, दो पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित


शहडोल। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक और सख्त कदम उठाते हुए अनुशासनहीनता एवं आमजन के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों पर दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार थाना जैतपुर के प्रधान आरक्षक रावेन्द्र वर्मा तथा थाना ब्यौहारी के आरक्षक रिंकू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही तथा नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कार्यभार संभालने के बाद से लगातार पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही इससे आम जनता में यह संदेश भी गया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जनता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा शिकायतों पर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments