टोल मांगा तो भाजपा नेता का तांडव: कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी
सागर-दमोह मार्ग स्थित कौरासा टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गढ़ाकोटा क्षेत्र के एक भाजपा नेता और उनके साथियों ने टोल टैक्स मांगने पर कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना का पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जिसमें आरोपी कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में पुलिस ने जनपद सदस्य मुकेश यादव सहित करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गढ़ाकोटा क्षेत्र के जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता मुकेश यादव। अपने समर्थकों के साथ 2-3 वाहनों से दमोह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कौरासा टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने नियमानुसार बैरियर लगाकर टोल शुल्क मांगा। आरोप है कि इतना सुनते ही भाजपा नेता और उनके साथियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने पहले कर्मचारियों से अभद्रता की, फिर गाड़ियों से उतरकर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 12 से 15 युवक लाठी, पाइप, लात-घूसों के साथ टोलकर्मियों पर टूट पड़े। टोल परिसर में करीब 15 मिनट तक जमकर उत्पात मचाया गया। कर्मचारियों को केबिन से बाहर निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। जान बचाने के लिए कुछ कर्मचारी पास के खेतों की ओर भागे, जबकि दो कर्मचारियों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल टोलकर्मी मदन सिंह परिहार ने बताया कि उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत टोल शुल्क मांगा था, लेकिन इसके बाद आरोपी आगबबूला हो गए। उन्होंने टोल प्लाजा में तोड़फोड़ की, जान से मारने और टोल को आग लगाने की धमकी दी। घटना के बाद कर्मचारियों में भय और दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी टोल परिसर में रखी कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ते नजर आ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद घटना ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।
मामले में सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि मुकेश यादव सहित 15-16 अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने देर रात मौके और अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी तथा आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।





0 Comments