ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
शहडोल। जिलेभर के केमिस्ट एवं दवा विक्रेताओं ने बुधवार को अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करते हुए अपनी दुकानें बंद रखीं। इस दौरान प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
केमिस्टों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि इंटरनेट के जरिए बिना स्पष्ट वैधानिक प्रावधान के दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उनका आरोप है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना डॉक्टर की सलाह दवा वितरण और भारी छूट देकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे छोटे लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है, बावजूद इसके विभिन्न कंपनियां वर्षों से ऑनलाइन दवा कारोबार कर रही हैं। केमिस्टों ने वर्ष 2018 की अधिसूचना GSR 817(E) और कोविड काल में जारी GSR 220(E) का हवाला देते हुए कहा कि इनका दुरुपयोग कर अनियंत्रित होम डिलीवरी की जा रही है।
दवा व्यापारियों ने सरकार से अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर कठोर कार्रवाई, बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन दवा वितरण पर प्रतिबंध, संबंधित अधिसूचनाओं को वापस लेने तथा ऑनलाइन कंपनियों की डीप डिस्काउंटिंग और प्रीडेटरी प्राइसिंग नीति पर रोक लगाने की मांग की है।
केमिस्ट संगठनों का कहना है कि कोविड महामारी के दौरान दवा विक्रेताओं ने निर्बाध दवा आपूर्ति कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए छोटे व्यापारियों और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।
बंद में प्रमुख रूप से सदस्य उपस्थित रहे, उमेश कुमार पाण्डेय अध्यक्ष जिला दवा विक्रेता संघ, संदीप चपरा सचिव जिला दवा विक्रेता संघ,राजेन्द्र गुप्ता, जयकुमार जेठानी, लालचंद जेठानी, शरद शर्मा, अजय दुबे,
अजय वैश्य, बृजेंद्र चतुर्वेदी, स्पर्श गुप्ता,ऋषि शुक्ला सुनील शर्मा, सुमित बैनर्जी, शैलेंद्र गुप्ता ओंकार वर्मा, शिवकुमार द्विवेदी, कोमल यादव,सतीश कुमार, राकेश पयासी, रूपेश मिश्रा, मोहम्मद जैद, मोहम्मद खालिद, मुकेश जायसवाल, दिनेश गुप्ता,ब्रजेंद्र कुमार तिवारी,अमन जयसिंहानी सिद्दीक अंसारी, विकास जैन, राजेश कुमार गुप्ता, अमित बैनर्जी, सुभाष बाधवानी,रमाकांत शर्मा
तथा अन्य दवाविक्रेता उपस्थित रहे






0 Comments