Header Ads Widget

कोरजा कालरी घूमने गई युवती की संदिग्ध मौत, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका से सनसनी

 कोरजा कालरी घूमने गई युवती की संदिग्ध मौत, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका से सनसनी

दो युवकों पर दोस्त से मारपीट कर युवती को जंगल ले जाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। माइन्स कॉलोनी में रहने वाली एक युवती अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कोरजा कालरी की ओर घूमने गई थी। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवती के दोस्त के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी युवती को जबरन जंगल की ओर खींचकर ले गए। घटना के बाद युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि मामले में सामूहिक दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवती का दोस्त किसी तरह मौके से निकलकर युवती के मुंहबोले भाई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद भाई तत्काल मौके पर पहुंचे और युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को भी दी गई।

पीड़िता के दोस्त ने पुलिस को बताया कि घटना के समय काफी अंधेरा था, जिससे आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो सकी। हालांकि उसने बताया कि हमलावर दो लोग थे, जिन्होंने उसके साथ भी मारपीट की।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, एसडीओपी आरती शाक्य सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments