होटल के कमरे में महिला का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, साथी युवक फरार
आईडी बिना ठहराई गई महिला, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका में जांच तेज
शहर के धनवंतरी नगर स्थित रिलेक्स-इन होटल में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। होटल के कमरा नंबर-9 में महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि उसके साथ ठहरा युवक गुरुवार रात से ही लापता बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक करीब 40 वर्षीय महिला 6 मई को एक युवक के साथ होटल में आई थी। युवक ने होटल में कमरा लेते समय अपना ड्राइविंग लाइसेंस जमा कराया था, जिसमें उसका नाम गुड्डू बंसल निवासी दमोह दर्ज है। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया था। हैरानी की बात यह रही कि होटल प्रबंधन ने महिला का कोई पहचान पत्र नहीं लिया, जिसके चलते अब उसकी शिनाख्त में परेशानी आ रही है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात के बाद से युवक होटल से गायब है। शुक्रवार दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो भीतर महिला का शव पड़ा मिला। कमरे का दृश्य देखकर होटल स्टाफ के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कमरे से शराब की बोतल भी बरामद हुई है। महिला के शरीर पर खून और चोट के निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और आसपास के जिलों के थानों से गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि महिला की पहचान हो सके। वहीं, फरार युवक गुड्डू बंसल की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस होटल प्रबंधन की लापरवाही और बिना सत्यापन के कमरा उपलब्ध कराने के पहलू की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद धनवंतरी नगर क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और लोग होटल की सुरक्षा व्यवस्था व नियमों पर सवाल उठा रहे हैं।

0 Comments