Header Ads Widget

जनसुविधा और महिला सशक्तिकरण का संगम: कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने किया ‘आजीविका दीदी कैफे’ का शुभारंभ


शहडोल। जिले में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर में आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘आजीविका दीदी कैफे’ का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कैफे में तैयार किए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों का स्वाद भी चखा और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।



जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज एवं उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सामग्री उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, इस पहल से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और वे आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

आजीविका दीदी कैफे में दलिया, उपमा, लस्सी, चाय, कॉफी, दूध, समोसा और पोहा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ उचित एवं निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह को जिले में एक संवेदनशील एवं जनोन्मुखी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वे जनता से जुड़े मुद्दों और सुविधाओं पर स्वयं निगरानी रखते हैं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। अस्पताल परिसर में दीदी कैफे की स्थापना भी उनकी इसी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्फी सराफ, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments