Header Ads Widget

पत्नी की तलाश के नाम पर ‘गोवा ट्रिप’: मध्य प्रदेश पुलिस पर संगीन आरोप, पीड़ित से वसूले 65 हजार

 "पत्नी की तलाश के नाम पर ‘गोवा ट्रिप’: मध्य प्रदेश पुलिस पर संगीन आरोप, पीड़ित से वसूले 65 हजार


मध्य प्रदेश के सतना जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पत्नी की गुमशुदगी की जांच के नाम पर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से गोवा की सैर करने और पीड़ित से ही हजारों रुपए वसूलने का आरोप लगा है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति ने 11 मार्च को अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक लापता हो गई और वह लगातार पुलिस से मदद की गुहार लगाता रहा।

आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों ने जांच के नाम पर कहानी गढ़ते हुए कहा कि उसकी पत्नी की लोकेशन गोवा में मिली है। इसके बाद उन्होंने तलाश के बहाने गोवा यात्रा की योजना बनाई और पूरा खर्च पीड़ित पति से ही करवाया। बताया जा रहा है कि इस यात्रा में करीब 65 हजार रुपए खर्च हुए, जो सीधे पीड़ित की जेब से गए।

हैरानी की बात यह है कि इस खर्च के बावजूद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। वहीं मामला तब और गंभीर हो गया जब पुलिसकर्मियों ने दोबारा गोवा जाने की इच्छा जताई और पीड़ित पर फिर से टिकट बुक कराने का दबाव बनाने लगे। यहां तक कहा गया कि "अगर पत्नी को ढूंढना है, तो पैसे खर्च करने होंगे।"

पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित ने बताया कि उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा महज 3 साल का है। पत्नी के लापता होने के बाद से वह मानसिक और आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है और लगातार थाने के चक्कर काट रहा है।

बड़ा सवाल:

क्या जनता की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार पुलिस ही अगर भरोसे का गलत फायदा उठाने लगे, तो आम आदमी आखिर न्याय की उम्मीद किससे करे?

Post a Comment

0 Comments