शहडोल में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार

ब्यौहारी पुलिस ने 4 क्विंटल गांजा और तीन लग्जरी कारों सहित चार तस्करों को दबोचा, 75 लाख का माल जब्त


ब्यौहारी/शहडोल।

शहडोल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यौहारी पुलिस ने एक बड़ी और हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 04 क्विंटल अवैध गांजा, तीन लग्जरी वाहन और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जिले में हड़कंप मचा दिया। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत लगभग 75 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह कार्रवाई ब्यौहारी, देवलोंद और जयसिंहनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा देर रात मंटोला के पास ब्यौहारी-सीधी मार्ग पर की गई। पुलिस को गांजा तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन दिशाओं से घेराबंदी कर वाहनों को रोका गया।

तीन लग्जरी कारों से भारी मात्रा में गांजा बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग वाहनों से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया—

बलेनो कार से लगभग 106 किलो गांजा बरामद किया गया। इस वाहन में सवार आरोपी की पहचान शेखर शुक्ला के रूप में हुई।

XL6 कार से करीब 170 किलो गांजा मिला, जिसमें आरोपी राज कुमार गुप्ता गिरफ्तार किया गया।

XUV 300 वाहन से लगभग 123 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसमें आरोपी राम प्रकाश पटेल पकड़ा गया।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

साइबर सेल की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता

पूरे ऑपरेशन में साइबर सेल की भूमिका बेहद अहम रही। तस्करों की लोकेशन ट्रैक कर पुलिस टीमों को लगातार इनपुट दिए गए, जिसके आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई को सफल बनाया गया।

सूत्रों के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।

नशा तस्करों में दहशत, जनता ने सराही कार्रवाई

इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय नशा तस्करों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को “नशे के खिलाफ बड़ी जीत” बताते हुए सराहना की है।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।