तेंदूखेड़ा SDM कार्यालय में EOW का बड़ा छापा
30 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
नरसिंहपुर/तेंदूखेड़ा।
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा स्थित एसडीएम कार्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिश्वतखोर बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू सौरभ यादव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए EOW की टीम ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी बाबू द्वारा टीएनसी (TNC) संबंधी शासकीय कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में आवेदक से रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत EOW जबलपुर से की थी, जिसके बाद टीम ने शिकायत का सत्यापन कर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
13 सदस्यीय टीम ने रचा पूरा ऑपरेशन
सूत्रों के मुताबिक, EOW जबलपुर की करीब 13 सदस्यीय टीम ने तेंदूखेड़ा पहुंचकर गुप्त रूप से ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। जैसे ही रिश्वत की राशि आरोपी को सौंपी गई, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबू सौरभ यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप, दस्तावेज खंगाल रही टीम
अचानक हुई इस कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। EOW की टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों एवं अन्य संभावित लेन-देन की जांच में जुटी हुई है।
भ्रष्ट कर्मचारियों में दहशत का माहौल
इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि EOW की इस सख्त कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार में संलिप्त अन्य कर्मचारियों में भी डर का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी दफ्तरों में व्याप्त रिश्वतखोरी पर इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।

0 Comments