बरगवां के दो स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी रेड, 15 युवक-युवतियां हिरासत में
संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों पर हुई कार्रवाई, पुलिस पूछताछ में जुटी; मौके से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात
कटनी। रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां में संचालित दो स्पा सेंटरों पर रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 युवकों और 10 युवतियों समेत कुल 15 लोगों को हिरासत में लिया है। स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि पुलिस को बरगवां क्षेत्र के स्पा सेंटरों को लेकर लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की जानकारी जुटाने के बाद रविवार शाम पुलिस टीम ने नेचुरल थाई स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर पर एक साथ दबिश दी।
रेड पड़ते ही मची अफरा-तफरी
पुलिस के अनुसार, नेचुरल थाई स्पा सेंटर में कार्रवाई के दौरान मौजूद युवक-युवतियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से 5 युवकों और 5 युवतियों को हिरासत में लिया। वहीं दूसरे स्पा सेंटर आवा से 5 युवतियों को पकड़ा गया।
पुलिस टीम सभी को थाने लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से पहुंची थीं युवतियां
पुलिस के मुताबिक हिरासत में ली गई युवतियों में मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा नॉर्थ ईस्ट और हरियाणा की रहने वाली युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटरों में वास्तव में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इन गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
लगातार शिकायतों के बाद पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि स्पा सेंटरों को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों सेंटरों पर कार्रवाई की है। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बरगवां क्षेत्र में संचालित अन्य स्पा सेंटर भी जांच के दायरे में आने की संभावना जताई जा रही है।


0 Comments