पति-पत्नी के विवाद ने लिया खूनी मोड़: उमरिया में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की, पुलिस ने किया खुलासा
उमरिया। थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले का उमरिया पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लगातार हो रहे विवाद ने इस वारदात को जन्म दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 अप्रैल 2026 को ग्राम अमड़ी निवासी दरम्मू बैगा ने अपनी 40 वर्षीय बहन शिल्ला बाई बैगा के घर में मृत अवस्था में पाए जाने की सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग क्रमांक 35/26 कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, साक्षियों के बयान, नक्शा पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला हत्या का पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मृत्यु “asphyxia due to manual strangulation” यानी गला दबाने से हुई है।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतिका अपने पति नरेश बैगा के साथ रहती थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 25 अप्रैल को भी दोनों एक शादी समारोह में गए थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो घर लौटने के बाद भी जारी रहा।
पूछताछ में आरोपी नरेश बैगा ने स्वीकार किया कि रात के समय विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट की और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस अधीक्षक श्री विजय भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सीताराम के निर्देशन एवं एसडीओपी श्री पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 180/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

0 Comments