Header Ads Widget

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ इश्क, फिर अश्लील वीडियो बनाकर 1.30 करोड़ की ब्लैकमेलिंग

 इंस्टाग्राम से शुरू हुआ इश्क, फिर अश्लील वीडियो बनाकर 1.30 करोड़ की ब्लैकमेलिंग


तांत्रिक, टैटू आर्टिस्ट समेत 4 गिरफ्तार, फर्जी क्राइम ब्रांच अफसर बनकर देते थे धमकी



अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में डिजिटल ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की अवैध वसूली कर डाली।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी आदित्य सिंह तोमर, एक टैटू आर्टिस्ट आर्यन सोनी, एक महिला तांत्रिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आदित्य सिंह तोमर ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने झांसे में लिया। बाद में आर्यन सोनी के टैटू स्टूडियो में युवती के आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए। इसके बाद आरोपियों ने युवती को वीडियो वायरल करने, जेल भिजवाने और समाज में बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पीड़िता और उसके परिवार पर दबाव बनाया। वहीं महिला तांत्रिक ने कथित तांत्रिक क्रियाओं और अनिष्ट होने का भय दिखाकर परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। डर और बदनामी के भय से पीड़िता के परिवार ने कई किश्तों में आरोपियों को करीब 1.30 करोड़ रुपये दे दिए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वसूली की रकम से लग्जरी गाड़ियां और महंगे सामान खरीदे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई डिजिटल सबूत, मोबाइल फोन और दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह एक संगठित साइबर ब्लैकमेलिंग रैकेट था, जिसमें सोशल मीडिया, फर्जी पहचान और मानसिक दबाव का इस्तेमाल कर लोगों को शिकार बनाया जाता था। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों व आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments