Header Ads Widget

ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर खड़ी बोगी में आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

 ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर खड़ी बोगी में आग, समय रहते टला बड़ा हादसा



शहडोल जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास साइडिंग में खड़ी एक रेलवे बोगी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत टीम की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइडिंग ट्रैक पर चार कोच वाली वर्कशॉप कम रेस्ट फॉर ट्रैक मशीन खड़ी थी। इसी दौरान एक कोच (नंबर ईसीओ 994129) में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। गनीमत रही कि घटना के समय बोगी के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही डायल 112 और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ से आग को फैलने से रोक लिया गया, वरना पास खड़ी अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर थाना प्रभारी जिया उल हक ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वहीं आरपीएफ चौकी प्रभारी गिरीश कुमार मिश्रा के अनुसार, घटना के समय ट्रैक स्टाफ कार्य के लिए बाहर गया हुआ था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। यह स्टेशन पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत आता है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियातन स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

0 Comments