शहडोल में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को मिली रफ्तार :चौपाटी स्थित सिटीटैंक तालाब पर श्रमदान, जल संरक्षण का सशक्त संदेश
शहडोल नगर में जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत आज चौपाटी स्थित सिटी टैंक तालाब में व्यापक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता का मजबूत संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्रों के साथ सामाजिक संगठन “ओम साई विजन” के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया।
तालाब परिसर की व्यापक सफाई
श्रमदान के दौरान सिटी टैंक तालाब परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। तालाब के जल क्षेत्र में फैली अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई-छंटाई कर जलधारण क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया गया। साथ ही आसपास फैले पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य ठोस अपशिष्टों को एकत्रित कर उनका उचित निपटान सुनिश्चित किया गया।
जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। नागरिकों से अपील की गई कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने और उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
जनभागीदारी बनी अभियान की ताकत
इस अवसर पर उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है।
निरंतर जारी रहेगा अभियान
नगर पालिका परिषद द्वारा स्पष्ट किया गया कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत भविष्य में भी ऐसे श्रमदान और जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि शहर के जल स्रोतों को संरक्षित और स्वच्छ रखा जा सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा भण्डारी की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती है।



0 Comments